Advertisement
भोपाल। शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच भोपाल पुलिस ने बागसेवनिया क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल के कमरे से 2.51 ग्राम एमडी पाउडर बरामद किया है और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन सहित करीब 80 हजार रुपये कीमत का मसरूका जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई गृह मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुरूप अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए की गई है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई है, साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देशों पर पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान एवं सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रभान सिंह चढार के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अशोक मरावी की टीम शहर में मादक पदार्थ तस्करों की तलाश में जुटी हुई थी, तभी विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि जलसा होटल के कमरा नंबर 403 में एक व्यक्ति एमडी पाउडर रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और आवश्यक प्राधिकार प्राप्त करने के बाद पुलिस टीम होटल पहुंची, जहां मैनेजर की मौजूदगी में कमरा खुलवाया गया, अंदर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये का व्यक्ति मिला और पूछताछ में उसने खुद को अनिल राठौर, पिता दशरथ सिंह राठौर, उम्र 34 वर्ष, निवासी पंचायत भवन के पास ग्राम बिलकिसगंज जिला सीहोर बताया, जबकि तलाशी में उसके पास से पारदर्शी पन्नी में रखा सफेद पाउडर मिला, जिसे उसने एमडी स्वीकार किया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस टीम को पदार्थ एमडी प्रतीत हुआ और इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तौलने पर वजन 2.51 ग्राम निकला, जिसके बाद उसे सीलबंद कर जब्त किया गया और आरोपी के पास मिला ग्रे रंग का सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया, ताकि मादक पदार्थ के स्रोत, उससे जुड़े व्यक्तियों और संपर्कों का पता लगाया जा सके, वहीं पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य प्रणाली से कराई गई और अंतिम पुष्टि रासायनिक परीक्षण रिपोर्ट से होगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जबकि आरोपी अनिल राठौर पेशे से ब्रोकर बताया गया है और फिलहाल उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र गढ़वाल, उपनिरीक्षक जसवंत सिंह, प्रधान आरक्षक कुंवर बहादुर, आरक्षक देवेन्द्र पलोदिया, आरक्षक निलेश वर्मा, पवनेश कुमार और विवेक नामदेव की सराहनीय भूमिका रही।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |