Video

Advertisement


भौंरी पुलिस अकादमी में 48 नए DSPs की पासिंग आउट परेड, CM मोहन यादव बोले - शराब माफिया पर करो प्रहार, रील नहीं रियल समस्या सुलझाओ
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी में मंगलवार को गौरवशाली दीक्षांत परेड समारोह आयोजित हुआ। 44वें और 45वें बैच के कुल 48 उप पुलिस अधीक्षक (DSP) अपनी ट्रेनिंग पूरी कर प्रदेश की सेवा के लिए तैयार हो गए हैं। इनमें 20 महिला अधिकारी भी शामिल हैं जो महिला सशक्तिकरण की मिसाल हैं। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और परेड की सलामी लेकर नए अधिकारियों को कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

 

समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय निशान टोली के आगमन और पुलिस बैंड द्वारा जन गण मन की धुन के साथ हुई। नव प्रशिक्षित अधिकारियों को देश और संविधान की सेवा की शपथ दिलाई गई। इसके बाद सधे हुए कदमों और शानदार तालमेल से उन्होंने परेड मार्च कर अपनी अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

 

*मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नए अधिकारियों को दिया सफलता का मंत्र -*

 

*1. रील नहीं, रियल प्रॉब्लम पर फोकस करो -*

CM ने कहा कि आज के युवा अधिकारी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। सोशल मीडिया का उपयोग रील बनाने के लिए नहीं, बल्कि आम नागरिकों की रियल प्रॉब्लम यानी वास्तविक समस्याओं को सुलझाने के लिए करो। गरीबों, महिलाओं और बच्चों की मदद के लिए देवदूत बनकर काम करो।

 

*2. शराब माफिया के खिलाफ निडर कार्रवाई -*

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि शराब माफिया के विरुद्ध निडरता के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने DGP कैलाश मकवाना को खुली छूट देते हुए कहा कि प्रदेशभर में अवैध शराब के कारोबार के पूरे तंत्र को जड़ से ध्वस्त करना है।

 

*3. MP पुलिस का स्वर्णिम इतिहास - पहले डाकू खत्म, फिर नक्सली -*

CM ने MP पुलिस की बहादुरी को याद करते हुए कहा कि चंबल और रीवा दशकों तक दस्यु समस्या से जूझते रहे, लेकिन हमारी पुलिस ने अपनी कुशलता से डाकुओं का सफाया किया। उसके बाद नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को समय से पहले पूरा कर मध्यप्रदेश ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बना।

 

*4. 2029 तक मध्यप्रदेश होगा नशा मुक्त -*

अब पुलिस के सामने तीसरी बड़ी चुनौती नशा है। CM ने कहा कि हमने 2029 तक प्रदेश को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इस मुहिम में नए अधिकारियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

 

*5. अकादमी को मिलेगी नई सौगात - 12 करोड़ का ऑडिटोरियम -*

पुलिस प्रशिक्षण को बेहतर बनाने के लिए CM ने बड़ी घोषणाएं कीं। भौंरी अकादमी में 12 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक ऑडिटोरियम बनेगा, साथ ही विद्युत सब स्टेशन और 1 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड का भी निर्माण होगा।

 

*6. पुलिस परिवार का रखा जा रहा है ध्यान -*

CM ने कहा कि सरकार पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले तीन साल में 17,710 पदों पर भर्ती की गई है और कुल 22,500 भर्ती का लक्ष्य है। नक्सल अभियान में शानदार काम करने वाले 60 से अधिक जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है। सरकार बलिदानी पुलिसकर्मियों के योगदान को हमेशा याद रखेगी।

 

*DGP बोले - जनता का विश्वास ही असली वर्दी है -*

 

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि यूनिफॉर्म सर्विस में पासिंग आउट परेड जीवन की सबसे यादगार स्मृति होती है। उन्होंने बताया कि 2014 से भौंरी में DSP प्रशिक्षण हो रहा है। इस बार 48 में से 22 अधिकारी इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से हैं। पहली बार रेडियो संवर्ग के DSPs को भी ट्रेन किया गया है जो साइबर अपराधों से लड़ने में तकनीकी ताकत बढ़ाएंगे।

 

DGP ने कहा कि अपराध का स्वरूप बदल रहा है। साइबर और डिजिटल अपराध नई चुनौती हैं। इससे निपटने के लिए सेफ क्लिक जागरूकता अभियान, साइबर थाने, साइबर हेल्प डेस्क, फॉरेंसिक लैब और हेल्पलाइन को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान चलाया गया है। उन्होंने नए अधिकारियों से कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति वर्दी नहीं, बल्कि जनता का विश्वास है जो निष्पक्ष और न्यायपूर्ण कार्रवाई से मिलता है।

Kolar News 3 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.