Advertisement
भोपाल, 3 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की धरती जनजातीय भाई-बहनों के परिश्रम, उनकी परंपराओं और संस्कृति से समृद्ध है। यहां के मेहनतकश किसानों ने अपने पसीने से खेती के क्षेत्र में अपनी एक अलग और विशिष्ट पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मंत्रालय से छिंदवाड़ा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा का नाम आते ही दो चीजें याद आती हैं - एक संतरा और दूसरा मक्का।
*छिंदवाड़ा को लेकर CM के बड़े ऐलान -*
*1. कॉर्न सिटी है छिंदवाड़ा, स्वीट कॉर्न देशभर में मशहूर -*
CM ने कहा कि छिंदवाड़ा को प्रदेश की कॉर्न सिटी कहा जाता है। यहां का स्वीट कॉर्न अपने स्वाद और गुणवत्ता के लिए देशभर में मशहूर है। सरकार का प्रयास है कि यहां के मक्के की गुणवत्ता और स्वाद को देश-दुनिया के मार्केट तक पहुंचाया जाए। इसके लिए मक्का उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और उनकी उपज के लिए राष्ट्रीय स्तर पर नया मार्केट तैयार किया जा रहा है।
*2. संतरे को मिला GI टैग, श्रीअन्न और फूलों में भी अव्वल -*
CM ने कहा कि श्रीअन्न (मिलेट) और फूलों की खेती में भी छिंदवाड़ा अलग स्थान रखता है। यहां के संतरे को GI टैग मिलने से उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है, जिससे किसानों को बेहतर दाम मिल रहा है।
*3. सिंचाई क्रांति - 29% से 54% होगी सिंचाई क्षमता -*
किसानों की आय बढ़ाने के लिए पानी सबसे जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर जिले की सिंचाई क्षमता 29 प्रतिशत से बढ़कर 54 प्रतिशत हो जाएगी, यानी दोगुनी हो जाएगी। इससे हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
*4. भंडारण, प्रोसेसिंग और बाजार की पूरी व्यवस्था -*
CM ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि किसान अपनी उपज का प्रसंस्करण स्वयं करें और उसे बेहतर मूल्य मिले। इसके लिए किसानों को बेहतर भंडारण, प्रोसेसिंग यूनिट और मार्केट लिंकेज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के माध्यम से यह सुविधा दी जा रही है। छिंदवाड़ा जिले के 122 हितग्राही इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
*5. खेती के साथ उद्यानिकी पर जोर -*
किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ ही उद्यानिकी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसान भाइयों से खेती में नवाचार करने, फसल विविधीकरण अपनाने और अपनी उपज को प्रसंस्करण और बेहतर विपणन के माध्यम से बड़े मार्केट तक पहुंचाने का आह्वान किया।
*प्रगतिशील किसानों से किया संवाद -*
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 4 प्रगतिशील किसानों से वर्चुअली संवाद कर उनकी सफलता की कहानी सुनी -
- *पूरनलाल इनवाती:* प्राकृतिक और समन्वित खेती कर रहे हैं
- *प्रवेश रघुवंशी:* कृषि यंत्रीकरण से नरवाई प्रबंधन कर पराली जलाने से बच रहे हैं
- *सुषमा शर्मा:* देसी गाय पालन कर जैविक खेती कर रही हैं
- *गुरु प्रसाद पवार:* आलू और स्वीट कॉर्न की खेती में नवाचार कर रहे हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
छिंदवाड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम में अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, सांसद विवेक बंटी साहू सहित जिले के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |