Advertisement
रायपुर, 1 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आत्मीय पत्र लिखकर प्रदेश के सभी भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पत्र में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ से अपने दशकों पुराने संबंधों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता और विकास कार्यों का विशेष उल्लेख किया है।
*अटल जी के नेतृत्व में साकार हुई आकांक्षाएं*
प्रधानमंत्री ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि 26 वर्ष पूर्व उनके दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। इस ऐतिहासिक निर्णय ने लाखों नागरिकों की दशकों पुरानी आकांक्षाओं को साकार किया। उन्होंने कहा कि संगठन के दिनों से ही छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव रहा है। सरगुजा के वनांचलों से लेकर बस्तर की पावन धरती तक की यात्राओं में उन्होंने छत्तीसगढ़िया संस्कृति और जनजीवन को निकट से जाना है। प्रदेश की सरलता, सहजता और परिश्रमशीलता उन्हें सदैव प्रेरणा देती रही है। उन्होंने पिछले वर्ष रजत जयंती पर नए विधानसभा भवन के लोकार्पण का भी स्मरण किया।
*रेड कॉरिडोर अब शांति और विकास के केंद्र*
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक जो क्षेत्र नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाते थे, वे आज शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं। लंबे समय तक नक्सलवाद प्रदेश के विकास में सबसे बड़ी बाधा रहा, लेकिन आज इसे निर्णायक रूप से समाप्त किया गया है। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर को माओवादी आतंक से मुक्त कराने का संकल्प पूरा हुआ है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन इस परिवर्तन के प्रतीक हैं। नियद नेल्ला नार, आजीविका उन्नयन और स्वस्थ बस्तर जैसी पहलों से स्थानीय नागरिक विकास से जुड़ रहे हैं।
*आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से विकास को नई गति*
प्रधानमंत्री ने कनेक्टिविटी को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पहले दिल्ली-रायपुर के बीच दिन में केवल एक उड़ान थी, आज प्रदेश में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क है। 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी सेवाएं शुरू हुई हैं। सड़क निर्माण से रायपुर-बिलासपुर के बीच यात्रा का समय लगभग आधा हो गया है। विशाखापत्तनम और रांची-धनबाद को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे उद्योग और रोजगार को नई गति देंगे।
*डबल इंजन सरकार से जीवन में बदलाव*
प्रधानमंत्री ने संत गुरु घासीदास के 'मनखे-मनखे एक समान' संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यही डबल इंजन सरकार की नीतियों का मूल आधार है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से सुदूर जनजातीय क्षेत्रों तक मकान, सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही हैं।
उन्होंने बताया कि 73 लाख परिवारों को गरीब कल्याण अन्न योजना से निःशुल्क अनाज, 22 लाख से अधिक पक्के आवास, 41 लाख ग्रामीण परिवारों को नल से जल, 40 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन और ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड से आरोग्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। धान खरीदी की मजबूत व्यवस्था से 25 लाख से अधिक किसानों को बेहतर मूल्य मिल रहा है।
*युवा, महिला और तकनीक*
प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति सबसे बड़ी पूंजी है। एम्स, आईआईटी, ट्रिपल आईटी, आईआईएम और निफ्ट जैसे संस्थान युवाओं को नई दिशा दे रहे हैं। पीएम-सेतु और इंटर्नशिप योजना से कौशल विकास पर जोर है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप छत्तीसगढ़ी के साथ गोंडी, हल्बी और सरगुजिहा में प्राथमिक शिक्षा की व्यवस्था की गई है।
महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये मिल रहे हैं। नवा रायपुर आधुनिक शहर के रूप में उभर रहा है, जहां इंडिया AI मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन के तहत नई परियोजनाएं आ रही हैं। फार्मा, टेक्सटाइल, आईटी, स्टील जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
*संस्कृति और अंजोर विजन*
प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रभु श्रीराम का ननिहाल और गुरु घासीदास की जन्मभूमि है। तीजन बाई की पंडवानी प्रदेश की अमूल्य धरोहर है। छत्तीसगढ़ अपनी विरासत को संजोते हुए आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार का 'अंजोर विजन' विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दे रहा है और आने वाले समय में प्रदेश मां भारती और छत्तीसगढ़ महतारी का गौरव बढ़ाएगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |