Video

Advertisement


जबलपुर पुलिस ने 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये कीमत का 871 किलो 95 ग्राम गांजा, 412 नग पेंट के डिब्बे एवं तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर किया जब्त
police

भोपाल 31 अक्टूबर 2026 । मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।  इसी क्रम में जबलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर में छिपाकर गांजे का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 871 किलो 95 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये है, 412 नग पेंट के डिब्बे तथा गांजा परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में क्राइम ब्रांच एवं थाना गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित नारकोटिक्स विंग के समन्वय से यह कार्रवाई की गई।

30 अक्टूबर को सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम ने थाना गोसलपुर क्षेत्र में एनएच-30 पर मुस्करा मोड़ के पास जबलपुर की ओर से आ रहे संदिग्ध कंटेनर क्रमांक NL-01-AC-7191 का पीछा किया। पुलिस ने मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोका। कंटेनर में सवार चालक एवं एक अन्य व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ  करने पर पता चला की आरोपी  उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल के निवासी है l

कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें 412 नग पेंट के डिब्बों के साथ 28 बोरियां रखी मिलीं। बोरियों की जांच करने पर खाकी रंग के टेप से पैक किए गए पैकेटों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ पाया गया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गांजे का वजन करने पर कुल 871 किलो 95 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशाखापट्टनम से माल लेकर निकले थे तथा रास्ते में ओडिशा के बलांगीर निवासी  के कहने पर गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की गई थीं। आरोपियों को गांजा मध्यप्रदेश में मैहर के पहले निर्धारित स्थान पर खाली करना था। एक आरोपी  ने पूर्व में ओडिशा के बलांगीर निवासी के कहने पर कई बार मध्यप्रदेश में गांजे का परिवहन करने तथा प्रत्येक खेप पहुंचाने के एवज में एक लाख रुपये प्राप्त करने की बात बताई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है। प्रकरण में गांजे की आपूर्ति एवं तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क के संबंध में विस्तृत विवेचना की जा रही है।

मध्यप्रदेश पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इस प्रकार की अंतरराज्यीय तस्करी में संलिप्त नेटवर्क की पहचान कर उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

Kolar News 1 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.