Advertisement
भोपाल, 30 अक्टूबर 2026। पुलिस आयुक्त भोपाल के निर्देश पर अपराध रोकथाम और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के तहत जोन 2 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 29 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि शक्ति नगर मार्केट में बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध लड़के घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया और पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
पूछताछ में उन्होंने दो गैस गोदामों से लगभग 20 गैस सिलेंडर और एक मकान से 6 सिलेंडर चोरी करना तथा थाना गोविंदपुरा और थाना बागसेवनिया क्षेत्र से 5 मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रात के समय गैस गोदामों के बाहर खड़े ट्रकों से 10-10 सिलेंडर और व्यंजन होटल शक्ति नगर के पास एक मकान से 6 सिलेंडर चोरी किए थे। सिलेंडर बीएचईएल के खंडहर क्वार्टरों में छिपाकर रखे थे और बाइक अलग-अलग स्थानों पर छिपाई थीं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 26 गैस सिलेंडर और 5 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। जांच में सामने आया कि कुछ सिलेंडर आरोपियों ने एक व्यक्ति को बेच दिए थे। पुलिस ने उस खरीददार मोहम्मद शावर कुरैशी निवासी अफजल कॉलोनी जिंसी जहांगीराबाद को भी गिरफ्तार कर चोरी के सिलेंडर जब्त किए हैं।
कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 4,78,000 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी नीरज सोनी पिता दुर्गेश सोनी उम्र 19 वर्ष निवासी झंडा मोहल्ला पिपलया पेंदे खां थाना बागसेवनिया है, दूसरा एक विधि विरुद्ध बालक है।
कार्रवाई में निरीक्षक अवधेश सिंह तोमर सहित थाना गोविंदपुरा की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |