Advertisement
बनासकांठा, 30 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुजरात के बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि की नई किस्त भी जारी की, जिसके तहत आज देश के लगभग 10 करोड़ किसानों के खाते में 18,000 करोड़ रुपये से अधिक भेजे गए। गुजरात के 50 लाख किसानों को 1,000 करोड़ और बनासकांठा के किसानों को 50 करोड़ रुपये मिले।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसान विकसित भारत के सबसे मजबूत स्तंभ हैं। सरकार ने 2013-14 की तुलना में कृषि बजट पांच गुना बढ़ाया है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में 5 बड़ी योजनाओं से किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये का लाभ हुआ है -
1. पीएम किसान के तहत 4.5 लाख करोड़ रुपये सीधे खाते में,
2. खाद सब्सिडी पर 16 लाख करोड़ रुपये खर्च - दुनिया में 3,000 रुपये की यूरिया भारत में 300 रुपये से कम में, 5,000 की डीएपी 1,350 में,
3. एमएसपी के रूप में 24 लाख करोड़ रुपये,
4. फसल बीमा के तहत 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा,
5. पीएम कुसुम के तहत 12 लाख सोलर पंप से 80 करोड़ लीटर डीजल की बचत।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेती में विज्ञान को बढ़ावा दिया गया है। देश में 26 करोड़ से अधिक मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड बांटे गए हैं और मौसम के अनुकूल बीजों की 3,000 नई किस्में विकसित की गई हैं।
पशुपालन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। 2013-14 में प्रति पशु 5 लीटर दूध से बढ़कर आज 8 लीटर औसत हो गया है। भारत दूध उत्पादन में दुनिया में पहले नंबर पर है। बनासकांठा में बना नया रिसर्च सेंटर गिर, साहीवाल, कांकरेज गाय और मेहसाणा, मुर्रा, जाफराबादी भैंस की नस्लों को बेहतर बनाएगा। यह कांकरेज के लिए देश का पहला केंद्र है। अब तक 150 करोड़ वैक्सीन डोज लगाकर 8 करोड़ किसानों के पशुओं को खुरपका-मुंहपका से बचाया गया है। गोबर से कमाई के लिए दो बायो-सीएनजी प्लांट की नींव रखी गई।
उन्होंने बताया कि सीफूड एक्सपोर्ट दोगुना हुआ है और शहद उत्पादन दोगुना होने से भारत प्राकृतिक शहद का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक बना है।
बनासकांठा के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि नर्मदा के पानी और ड्रिप सिंचाई ने यहां के आलू को वैश्विक पहचान दिलाई है। फ्रेंच फ्राइज प्लांट की क्षमता बढ़ाई गई है। आलू, टमाटर, मिर्च, अंगूर, केला सहित 12 फसल क्लस्टर मंजूर किए गए हैं।
इस दौरान दो नई ट्रेनें - अहमदाबाद-वाराणसी साबरमती एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचारजी मेमू - को हरी झंडी दिखाई गई। अहमदाबाद मेट्रो विस्तार, गिफ्ट सिटी मेट्रो, अहमदाबाद-मेहसाणा हाईवे को 8 लेन करने और 4,000 नई आंगनवाड़ी का भी शुभारंभ हुआ, जिससे 4 लाख बच्चों और गर्भवती महिलाओं को लाभ होगा।
अपने 25 साल के शासन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात के लोगों ने एक गरीब परिवार के व्यक्ति को देश सेवा का मौका दिया। उन्होंने कहा कि वे जीवन के अंतिम क्षण तक जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे और लोगों से पानी और बिजली बचाने की अपील की।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |