Video

Advertisement


मध्यप्रदेश पुलिस का संपत्ति अपराधों पर शिकंजा, 10 दिन में 1.24 करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद, दर्जनों शातिर चोर गिरफ्तार
police

 

*भोपाल, 29 अक्टूबर 2026।* मध्यप्रदेश में चोरी की बढ़ती वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में विभिन्न जिला पुलिस और रेल पुलिस इकाइयों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार रुपये से अधिक की चोरी की संपत्ति जब्त की है और कई शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

 

जब्त संपत्ति में नर्मदा नल-जल योजना के लाखों के पाइप, सोने-चांदी के आभूषण, विद्युत तार, कॉपर वायर, मोबाइल फोन, लैपटॉप, आईपैड, ट्रॉली बैग, नकदी और अन्य घरेलू सामान शामिल है।

 

*जिलेवार बड़ी कार्रवाईयों पर एक नजर -*

 

*1. शाजापुर में सबसे बड़ी बरामदगी -* अवंतिपुर बड़ोदिया थाना पुलिस ने नर्मदा नल-जल योजना के तहत लगे 73 लाख 85 हजार रुपये कीमत के चोरी हुए पाइप बरामद किए हैं। यह इस अभियान की सबसे बड़ी जब्ती है।

 

*2. रीवा में 23 लाख की चोरी का खुलासा -* शहर में लगातार हो रही चोरियों पर कार्रवाई करते हुए समान थाना पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके कब्जे से सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान समेत करीब 23 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई है।

 

*3. जीआरपी की दोहरी सफलता - 12.26 लाख की संपत्ति जब्त -* जीआरपी ग्वालियर ने ट्रेन और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के ट्रॉली बैग चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से विभिन्न कंपनियों के ट्रॉली बैग, लैपटॉप, 4 मोबाइल, आईपैड, मॉनिटर और अन्य सामान समेत 8 लाख 26 हजार 400 रुपये की संपत्ति मिली। वहीं जीआरपी थाना रानी कमलापति ने स्टेशन पर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पकड़कर 4 वारदातों का खुलासा किया और 4 लाख के मोबाइल फोन जब्त किए।

 

*4. सीहोर -* मंडी थाना पुलिस ने चोरी के मामले में एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर 6 लाख 55 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए।

 

*5. निवाड़ी - इनामी पिता-पुत्र गिरफ्तार -* ओरछा थाना क्षेत्र के नाराई नाका चौकी इलाके में घर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो इनामी आरोपियों - पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से सोने की अंगूठी, झुमकी, टॉप्स, नाक की कील, सोने का ओम, चांदी की 12 जोड़ी पायल, 58 बिछिया, 42 हजार 500 रुपये नकद और मोबाइल समेत 5 लाख की संपत्ति बरामद की गई। साथ ही आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध कट्टा और जिंदा कारतूस भी मिला।

 

*6. बैतूल और देवास -* बैतूल के भैंसदेही और कोतवाली थाना पुलिस ने खेतों के मोटर पंपों से कॉपर वायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 1 लाख 80 हजार की संपत्ति जब्त की। वहीं देवास के बागली थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर शातिर चोर को पकड़कर 2 वारदातों का खुलासा किया और 1 लाख 44 हजार की संपत्ति बरामद की।

 

इसके अलावा विदिशा के आनंदपुर थाना पुलिस ने 80 किलो विद्युत तार चोरी के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा और मंदसौर के पिपलियामंडी में लहसुन चोरी करने वाले दो आरोपियों से 20 हजार की संपत्ति जब्त की गई।

 

पुलिस मुख्यालय ने बताया कि चोरी की घटनाओं का त्वरित खुलासा और संपत्ति की बरामदगी के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा, जिससे नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति जनविश्वास मजबूत हो।

Kolar News 29 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.