Advertisement
भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ओडिशा के भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक RBI के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। पीएम ने कहा कि महाप्रभु जगन्नाथ के आशीर्वाद से आज भुवनेश्वर नए भारत को एक नया संस्थान दे रहा है। यह ओडिशा के लोगों और पूरे देश के लिए बेहद फायदेमंद होगा।
पीएम ने कहा कि यह एक अधिक सुरक्षित वित्तीय प्रणाली की ओर बड़ा कदम है। भुवनेश्वर में आरबीआई की नई सुविधाएं डिजिटल बुनियादी ढांचे और साइबर सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करेंगी।
गवर्नेंस का तरीका बदला है
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि भारत में गवर्नेंस का तरीका किस तरह बदला है। हम जन-हितैषी, सक्रिय और सुशासन के मॉडल से प्रेरित हैं। हमारे लिए विकास का अर्थ भारत की न्यायसंगत प्रगति है, जहां अवसर हमारे गांवों और छोटे शहरों तक एक समान पहुंचे।
उन्होंने कहा कि आज एक्सप्रेसवे छोटे शहरों को जोड़ रहे हैं, एम्स जैसे संस्थान अनेक राज्यों में खुले हैं, गांवों में 1.75 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर बने हैं और दूरदराज में डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंच रही है।
24 घंटे बैंकिंग से जुड़ा हर भारतीय
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 तक आधी से अधिक आबादी बैंकिंग व्यवस्था से बाहर थी। आज डिजिटल बैंकिंग ने हर भारतीय को 24 घंटे की बैंकिंग सेवाओं से जोड़ दिया है। लगभग 60 करोड़ जनधन खातों की वजह से सरकारी सहायता का एक-एक रुपया बिना कटौती के सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रहा है।उन्होंने कहा कि आज जिनके पास बैंक को गारंटी के रूप में देने के लिए कुछ भी नहीं है, वे भी किफायती और सुलभ ऋण लेकर अपना काम शुरू कर रहे हैं। छोटे उद्यमियों से लेकर पारंपरिक कारीगरों तक, रेहड़ी-पटरी वालों से लेकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तक, पहली बार उन्हें औपचारिक बैंकिंग का लाभ मिला है।पीएम ने बताया कि मुद्रा योजना के तहत 13 करोड़ लोग पहली बार उद्यमी बने, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा से लाखों लोगों को औपचारिक ऋण मिला और एक करोड़ ग्रामीण महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को हजारों करोड़ की सहायता मिली। कभी संपन्न लोगों तक सीमित डेबिट-क्रेडिट कार्ड आज करोड़ों RuPay कार्ड के रूप में हर नागरिक तक पहुंच गए हैं।
सामाजिक सुरक्षा का विस्तार
प्रधानमंत्री ने बताया कि अटल पेंशन योजना के तहत 9 करोड़ नागरिक कवर हैं, जिनमें ओडिशा के 38 लाख लोग शामिल हैं। सुरक्षा बीमा योजना में मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख का दुर्घटना बीमा और जीवन ज्योति बीमा में 450 रुपये से कम पर जीवन बीमा मिल रहा है। कठिन समय में परिवारों को 25,000 करोड़ रुपये से अधिक की दावा राशि बिना शोर-शराबे के दी जा चुकी है। यही सुशासन है।
साइबर लुटेरों से बचाना होगा
पीएम ने कहा कि बीता दशक बैंकिंग से वंचित लोगों तक बैंकिंग पहुंचाने का था, आने वाला दशक बैंकिंग को अधिक कुशल और विश्वसनीय बनाने का हैउन्होंने चेतावनी दी कि आजकल केवल हथियारों से ही युद्ध नहीं लड़े जाते, किसी राष्ट्र को उसकी अर्थव्यवस्था पर हमला करके भी कमजोर किया जा सकता है। जैसे-जैसे भारत आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है, हमें अपने बैंकिंग तंत्र को साइबर लुटेरों और साइबर आतंकियों से बचाना होगा। ऐसे में इस नए साइबर सुरक्षा संस्थान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
ओडिशा लिखेगा नया भविष्य
पीएम ने कहा कि विकसित भारत में पूर्वी भारत विकास का सशक्त इंजन है। ओडिशा खनिज-आधारित उद्योगों के साथ-साथ सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर और उन्नत कंप्यूटिंग का नया इकोसिस्टम विकसित कर रहा है। ओडिशा खदानों से माइक्रोचिप तक की यात्रा के जरिए नया भविष्य लिखने जा रहा है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |