Video

Advertisement


छत्तीसगढ़ में वाहनों की सघन जांच, दो दिन में 364 वाहनों पर कार्रवाई, 4.81 लाख का समन शुल्क वसूला
ट्रैफिक पुलिस


रायपुर।  सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग द्वारा प्रदेशभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बीते दो दिनों में विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 364 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 4 लाख 81 हजार 300 रुपये समन शुल्क वसूला है।गंभीर उल्लंघन के मामलों में 5 वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं नियम विरुद्ध संचालन पाए जाने पर 19 मामलों में वाहन परमिट निरस्त करने के लिए प्रकरण तैयार किए गए हैं, जिनमें 17 मामले अकेले रायपुर जिले के हैं।
परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला परिवहन कार्यालयों द्वारा 24 और 25 अक्टूबर को विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान बिना परमिट संचालित 12 वाहन, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के 10 वाहन, बिना बीमा के 3 वाहन और बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के 27 वाहन पकड़े गए। इसके अलावा अन्य नियमों के उल्लंघन के 312 मामलों सहित कुल 364 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के लिए जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे वैध परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Kolar News 25 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.