Advertisement
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 139वें एपिसोड में मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले की शिवानी के अंगदान के प्रेरणादायी निर्णय का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को मन की बात में मेडिकल क्षेत्र में देश में हो रही रिसर्च और नवाचार पर चर्चा करते हुए कहा कि एडवांस रिसर्च में अंगदान की बहुत बड़ी भूमिका होती है। ऐसे लोग जो अपना जीवन पूरा करने के बाद अंगदान करके जाते हैं, वे कितने ही लोगों का जीवन भी बचाते हैं और रिसर्च को भी संभव बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसा ही एक उदाहरण मध्यप्रदेश में नर्मदापुरम की शिवानी का है। शिवानी के सड़क दुर्घटना का शिकार होने पर परिवार ने कठिन समय में भी ऐसा निर्णय लिया जो हम सभी के लिए प्रेरणा है। यह फैसला था सड़क दुर्घटना की पीड़िता सुश्री शिवानी के अंगदान का।
प्रधानमंत्री ने कहा कि शिवानी के परिवार के इस फैसले से समाज और देश के लिए एक बड़ा संदेश गया है। मानवता के ऐसे एक कदम से किसी परिवार में खुशियां फिर से लौट सकती हैं और साथ ही रिसर्च के कामों में भी बड़ी मदद मिलती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नर्मदापुरम की बेटी शिवानी के परिवार ने दुख की घड़ी में मानवता की मिसाल पेश की है। उनका यह निर्णय पूरे प्रदेश और देश के लिए प्रेरणा है। यह मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश की बेटी के इस पुनीत कार्य को राष्ट्रीय मंच पर सराहा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |