Video

Advertisement


मन की बात' से बनते हैं राष्ट्र निर्माण के साझा संकल्प - राज्यपाल मंगुभाई पटेल
rajypal

'
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि मन की बात कार्यक्रम देश के विचार, संकल्प और सामर्थ्य का सबसे सशक्त प्रेरणादायी मंच है। कार्यक्रम को सुनना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार, ज्ञान और अनुभवों से प्रेरणा लेने और सकारात्मक बदलावों के साथ राष्ट्र निर्माण के नए साझा संकल्पों को दिशा देने का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए प्रतिमाह वर्चुअली देश की जनता के बीच प्रधानमंत्री के पहुंचने को अभूतपूर्व बताया।
राज्यपाल पटेल रविवार को भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण से पूर्व विद्यार्थियों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे परिसर में एक पेड़ लगाकर संस्थान से जाएं, इससे संस्थान के साथ उनका जुड़ाव मजबूत होगा। कार्यक्रम के बाद उन्होंने विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त किया और शुभाशीष दी।
राज्यपाल ने कहा कि वन और पर्यावरण संरक्षण वैश्विक चुनौती है। स्टॉकहोम में 1972 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण चर्चा की पहल शुरू हुई थी, जिसकी आशंकाएं जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के रूप में सामने आ गई हैं। प्रकृति के अनुसार वर्ष में 4 मौसम होते हैं, लेकिन ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के प्रभाव से कभी-कभी चारों मौसम एक ही दिन में अनुभव हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वैधानिक प्रावधानों के साथ जनमानस में पर्यावरणीय चेतना का प्रसार जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी निरंतर पर्यावरण संरक्षण के प्रयास जनसहभागिता के साथ कर रहे हैं। एक पेड़ मां के नाम अभियान पौधारोपण की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्रित्व में गुजरात के वन और पर्यावरण मंत्री के रूप में अपने 14 वर्षों के अनुभवों का उल्लेख करते हुए ग्रह, राशि और नक्षत्रों के अनुसार सांस्कृतिक वनों और वन महोत्सवों के माध्यम से पौधारोपण कराने की बात बताई।
भारतीय वन प्रबंधन संस्थान के निदेशक डॉ. के. रविचंद्रन ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि संस्थान वन प्रबंधन के द्वारा पिछले 40 वर्षों से राष्ट्र की सेवा कर रहा है। संस्थान के विद्यार्थी दुनिया के 57 देशों में सेवारत हैं। संस्थान द्वारा वन प्रबंधन में डॉक्टोरेट और एमबीए पाठ्यक्रमों के साथ प्रशिक्षण और परामर्शी सेवाएं दी जाती हैं।

Kolar News 25 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.