Advertisement
रीवा। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार रविवार को रीवा जिले के सिरमौर क्षेत्र के ग्राम सरई-रोझौही पहुंचे, जहां प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में आदिवासी और ग्रामीण जल सत्याग्रह कर रहे हैं। उन्होंने आंदोलनकारियों को समर्थन दिया और आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाली विमला कोल को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी।
आंदोलन स्थल पर पहुंचकर सिंघार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि इस लड़ाई में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रीवा में न्यूक्लियर पावर प्लांट नहीं लगने दिया जाएगा और इस मुद्दे को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
विमला कोल की मौत की रिपोर्ट पर अधिकारियों से जवाब-तलब
शोकाकुल परिवार से मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने मौके पर मौजूद तहसीलदार और नायब तहसीलदार से सवाल किया कि विमला कोल की मौत की रिपोर्ट अब तक क्यों नहीं भेजी गई। तहसीलदार द्वारा मौखिक रिपोर्ट भेजने की बात कहने पर सिंघार ने नाराजगी जताई और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
विकास के नाम पर विनाश स्वीकार नहीं
मीडिया से चर्चा में उमंग सिंघार ने कहा कि रीवा जिले की घनी आबादी के बीच न्यूक्लियर पावर प्लांट स्थापित करने का निर्णय सरकार की गैर-जिम्मेदाराना हरकत है। नियमों को ताक पर रखकर आदिवासियों और ग्रामीणों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है, सरकार आखिर किसे फायदा पहुंचाना चाहती है। हमारा विरोध विकास से नहीं, बल्कि विकास के नाम पर हो रहे विनाश से है। क्या सरकार को लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और न्यूक्लियर प्रदूषण के खतरे की चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि विमला कोल अपनी जमीन, अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही थीं, उनकी मृत्यु ने इस आंदोलन को और गंभीर बना दिया है। आदिवासी समाज के जल, जंगल, जमीन और अस्तित्व से जुड़े सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, ग्रामीणों की चिंताओं का समाधान किए बिना परियोजना को आगे बढ़ाना उचित नहीं है।
उल्लेखनीय है कि सिरमौर क्षेत्र में टाटा पावर की प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर परियोजना को लेकर सरई कला और रोझौही गांवों के ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। इसी आंदोलन के दौरान तबीयत बिगड़ने से विमला कोल की मृत्यु हो गई थी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |