Video

Advertisement


प्रदेश के स्कूलों में 8.66 लाख विद्यार्थियों का नामांकन घटा, शिक्षा व्यवस्था पर सवाल, सरकार कराए उच्चस्तरीय जांच - जीतू पटवारी
jeetu patwari


भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के नामांकन में आई भारी गिरावट पर चिंता जताई है और राज्य सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।पटवारी ने कहा कि पहली से बारहवीं कक्षा तक विद्यार्थियों के नामांकन में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 8.66 लाख की कमी आई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रदेश के स्कूलों में कुल 1,42,31,833 विद्यार्थियों का नामांकन था, जबकि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 13 अक्टूबर तक यह संख्या घटकर 1,33,65,225 रह गई। इस प्रकार 8,66,608 विद्यार्थियों का अंतर है जो लगभग 6.1 प्रतिशत की गिरावट है। उन्होंने कहा कि राजधानी भोपाल में ही 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन कम होना स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। मऊगंज, अलीराजपुर, अशोकनगर, शिवपुरी और गुना जिलों में भी नामांकन की स्थिति चिंताजनक है। पटवारी ने कहा कि शिक्षा बच्चों का मौलिक अधिकार है। इतनी बड़ी संख्या में नामांकन घटने के कारणों की अनदेखी नहीं की जा सकती। सरकार स्पष्ट करे कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में नामांकन क्यों घटा है। क्या बच्चे स्कूलों से दूर हो रहे हैं, क्या आर्थिक परिस्थितियां बाधा बन रही हैं या आंकड़ों के संकलन में कोई समस्या है।
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार जिलेवार और स्कूलवार आंकड़ों का सत्यापन कराए और नामांकन में गिरावट के वास्तविक कारण सार्वजनिक करे। स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की पहचान कर उनकी शिक्षा दोबारा शुरू कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Kolar News 19 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.