Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में परिवहन सेवाओं के नाम पर पुरानी बसों को मैदान में उतारने और बसों के रंग को लेकर की जा रही बहस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार 10-10 साल पुरानी बसों को कबाड़खाने से निकालकर डेंटिंग-पेंटिंग कराकर सड़क पर उतार रही है और फिर इसे बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। पटवारी ने कहा कि किसी भी नई सेवा की शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ होना अच्छी बात है, लेकिन कुछ बसें शुरू करके उसे बड़ी उपलब्धि बताना और लगातार बड़े-बड़े आंकड़े गिनाना सिर्फ प्रचार का हिस्सा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 300 बसें शुरू की जा रही हैं और प्रचार किया जा रहा है। सरकार को यह भी स्वीकार करना चाहिए कि मध्य प्रदेश में पिछले करीब 25 वर्षों से भाजपा की ही सरकार रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश की परिवहन व्यवस्था में कमियां हैं तो उनकी जिम्मेदारी से सरकार बच नहीं सकती।
उन्होंने कहा, “25 साल से आपकी ही सरकार है। अगर कोई पाप हुआ है तो आपके ही लोगों ने किया है, इसे भी स्वीकार करना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार और भाजपा से जुड़े लोग बसों के रंग को लेकर बहस कर रहे हैं, जबकि असली सवाल बसों की उम्र, फिटनेस, सुरक्षा और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का है। उन्होंने कहा कि सिर्फ डेंटिंग-पेंटिंग और रंग बदलने से 10 साल पुरानी बस नई बस नहीं बन जाती। सरकार को जनता को यह बताना चाहिए कि सड़क पर उतारी जा रही बसों की वास्तविक स्थिति क्या है, उनकी फिटनेस कैसे सुनिश्चित की गई है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं। लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया और अब पुरानी बसों को नए रंग-रूप में पेश करके उपलब्धि का प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की सुगम सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि यदि यह सेवा समाप्त हुई है तो इसकी जिम्मेदारी भी पिछली भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों पर तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को नई शुरुआत का श्रेय लेने के साथ-साथ पुरानी व्यवस्था की विफलताओं की जिम्मेदारी भी स्वीकार करनी चाहिए। “सुगम सेवा अगर समाप्त हुई तो उसका दोष भी शिवराज सिंह चौहान की सरकार का था। उन्होंने कहा कि जनता को लंबे भाषणों और विज्ञापनों की नहीं, बल्कि जमीन पर बेहतर और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की जरूरत है।
पटवारी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पेट्रोल-डीजल से जुड़े पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता से पेट्रोल-डीजल सस्ता करने को लेकर जो उम्मीदें दिखाई गई थीं, उस पर सरकार को जवाब देना चाहिए। नितिन गडकरी द्वारा देश के सामने कही गई बातों का भी जवाब मिलना चाहिए। जनता जानना चाहती है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर किए गए दावों का क्या हुआ और आम लोगों को राहत क्यों नहीं मिली।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |