Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भोपाल ने विभागीय डिजिटल संचार व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, प्रमाणिक एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से मंडी बोर्ड द्वारा नए आधिकारिक शासकीय ई-मेल प्लेटफॉर्म @mpmandiboard.gov.in पर ई-मेल खातों के सृजन एवं ऑनबोर्डिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत मंडी बोर्ड मुख्यालय, आंचलिक कार्यालयों, तकनीकी संभागों तथा कृषि उपज मंडी समितियों से संबंधित आधिकारिक पत्राचार एवं सूचनाओं का आदान-प्रदान अब नवीन शासकीय ई-मेल आईडी के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यालय स्तर पर पूर्व में उपयोग की जा रही Gmail आईडी को निष्क्रिय किया जा रहा है। निर्धारित तिथि के बाद पुरानी Gmail आईडी पर प्राप्त होने वाले ई-मेल को आधिकारिक संचार नहीं माना जाएगा।
मंडी बोर्ड की नई ई-मेल व्यवस्था से विभागीय संचार में प्रामाणिकता, डेटा सुरक्षा, उत्तरदायित्व एवं प्रशासनिक दक्षता को बढ़ावा मिलेगा। प्रत्येक शासकीय ई-मेल आईडी के धारक अधिकारी/कर्मचारी को अपने खाते की सुरक्षा, पासवर्ड की गोपनीयता एवं आधिकारिक उपयोग के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी बनाया गया है।
मंडी बोर्ड द्वारा नई ई-मेल आईडी की सूची संबंधित कार्यालयों को उपलब्ध कराने के साथ ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://mpmandiboard.in एवं कार्यालयों के सूचना पटल पर भी प्रकाशित की गयी है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने संपर्क रिकॉर्ड अद्यतन करने तथा तत्काल प्रभाव से नवीन शासकीय ई-मेल का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम द्वारा दिए गए हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |