Advertisement
मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने चार नए शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या 56 हो गई है, जबकि इनमें 49 चीते कूनो नेशनल पार्क में मौजूद हैं। चार शावकों के जन्म को भारत में चीता संरक्षण और प्रजनन कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के जरिए KGP12 और उसके चार शावकों की जानकारी साझा की। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस उपलब्धि पर कूनो और प्रोजेक्ट चीता की टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कूनो में चीतों की बढ़ती संख्या से वन्यजीव पर्यटन, स्थानीय आजीविका और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिल रही है।
भारत में चीतों की आबादी बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे प्रोजेक्ट चीता के तहत कूनो नेशनल पार्क में लगातार नए शावकों का जन्म हो रहा है। करीब सात दशक पहले देश से विलुप्त हो चुके चीतों को दोबारा भारत में बसाने की दिशा में यह कार्यक्रम अहम माना जा रहा है। नए शावकों के जन्म से कूनो में चीता संरक्षण की मुहिम को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |