Advertisement
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार शाम भोपाल पहुंचे। वे सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में आयोजित पार्टी की जनसभा में शामिल होने आए हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान ओवैसी ने मध्य प्रदेश में लागू यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी UCC को लेकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 25, 26, 14 और 29 से जुड़ी संवैधानिक व्यवस्थाओं के खिलाफ है। ओवैसी का कहना है कि धर्म की स्वतंत्रता को प्रभावित करके इस तरह का कानून लागू नहीं किया जा सकता।
भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को UCC के विरोध के साथ-साथ मध्य प्रदेश में एआईएमआईएम के संगठनात्मक विस्तार से भी जोड़कर देखा जा रहा है। ओवैसी पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगे। उनके दौरे के बीच प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। कुछ संगठनों ने कार्यक्रम को लेकर प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज कराई है। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन देकर कार्यक्रम की अनुमति पर दोबारा विचार करने और इसे रद्द करने की मांग की थी। कमेटी ने गणेश उत्सव के दौरान इलाके में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
वहीं, भोपाल हिंदू उत्सव समिति ने भी ओवैसी के कार्यक्रम को लेकर विरोध दर्ज कराया है। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कार्यक्रम की अनुमति पर सवाल उठाते हुए प्रशासन की कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ टी. राजा की जनसभा को अनुमति नहीं दी जा रही, जबकि दूसरी ओर ओवैसी के कार्यक्रम को मंजूरी दी गई है। इस बीच ओवैसी के UCC विरोधी बयान और उनके भोपाल दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |