Advertisement
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 'उद्यम वित्तपोषण और एसएचजी बैंक लिंकेज' तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के अंतर्गत देशभर की लाखों स्वयं सहायता समूह (SHG) की सदस्याओं, लखपति दीदियों और आवास हितग्राहियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आज सीधा संवाद किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री चौहान ने बहनों के आर्थिक स्वावलंबन और जीवन स्तर में आए अभूतपूर्व बदलाव की सराहना करते हुए घोषणा की कि अगले 5 वर्षों में समूहों को 10 लाख करोड़ रुपए का बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें 1 लाख करोड़ रु. का व्यक्तिगत ऋण भी शामिल है। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन और सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर देशवासियों व सभी बहनों से शाम 7 बजे अपने घरों में कृतज्ञता स्वरूप 'एक दीया आशीर्वाद का' जलाने का भावुक आह्वान किया। श्री चौहान स्वयं 17 सितंबर को तेलंगाना के एक सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचकर बहनों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे।
लाखों दीदियों और लाभार्थियों से सीधा संवाद
वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में 6 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह की बहनें, लखपति दीदियां, विभिन्न राज्यों के ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी और PMAY-G के लाभार्थी जुड़े। असम के कामरूप से जुड़ीं तूलिका दीदी ने मशरूम और बेकरी उत्पादों से सालाना 12 से 14 लाख रुपये की आय तथा अपने समूह से 200 से अधिक महिलाओं को जोड़ने की सफलता साझा की। वहीं बिहार (जहानाबाद) की अनु देवी, मध्य प्रदेश (सीहोर) की बबीता दीदी और त्रिपुरा के अनिमेष सिंह सहित अन्य हितग्राहियों ने बताया कि कैसे प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान मिलने से उनका जीवन सुरक्षित और गरिमामय हुआ है। लाभार्थियों ने बताया कि आवास के साथ-साथ उज्ज्वला गैस कनेक्शन, नल से जल, शौचालय और आयुष्मान कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाओं ने उनके परिवारों को नई दिशा दी है।
लखपति से 'मिलियनेयर' और 'करोड़पति' बनने का संकल्प
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीदियों के आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि अभाव और मजबूरी का दौर अब समाप्त हो चुका है। ग्रामीण महिलाएं अब न केवल अपने पैरों पर खड़ी हैं, बल्कि परिवार का आर्थिक संबल बनकर बच्चों को उच्च शिक्षा दिला रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन से अब तक 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदियां तैयार हो चुकी हैं और अब अगला लक्ष्य 6 करोड़ लखपति दीदियां बनाने का है। श्री चौहान ने कहा कि अब लखपति दीदी से मिलियनर (दस लाखपति) और फिर करोड़पति दीदी बनने का सफर शुरू हो चुका है। हमारी बहनें अब पैकेजिंग, ब्रांडिंग और उत्पादों के एक्सपोर्ट की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
ऋण बाधाएं होंगी दूर, शुरू होगी विशेष हेल्पलाइन
बैंक लिंकेज की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने 3 सितंबर को मुंबई में आरबीआई, नाबार्ड, सार्वजनिक एवं निजी बैंकों के प्रमुखों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंकों को ऋण स्वीकृत करने में देरी, अनावश्यक दस्तावेज मांगने और गारंटी/कोलैटरल की मांग जैसी बाधाओं को खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं। 10 लाख करोड़ रु. का ऋण:* अगले 5 वर्षों में एसएचजी को 10 लाख करोड़ रु. का संस्थागत ऋण मिलेगा, जिसमें 1 लाख करोड़ रु. का ऋण व्यक्तिगत स्तर पर उद्यम शुरू करने वाली दीदियों को दिया जाएगा। हेल्पलाइन सुविधा:* बैंकों से संबंधित समस्याओं के तुरंत निराकरण के लिए मंत्रालय जल्द एक समर्पित हेल्पलाइन जारी करेगा, जिससे दीदियों की शिकायतों का समन्वय के साथ तत्काल समाधान होगा। *जन समर्थ पोर्टल:* सभी बैंकों को 31 अक्टूबर तक पूरी तरह से जन समर्थ पोर्टल पर ऑनबोर्ड होना होगा ताकि ऋण स्वीकृति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग हो सके
तेलंगाना के गांव में दीदियों संग शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह
शिवराज सिंह चौहान ने साझा किया कि वे स्वयं 17 सितंबर को तेलंगाना के एक ग्रामीण क्षेत्र में उपस्थित रहेंगे और वहां स्वयं सहायता समूह की दीदियों, आवास व किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के साथ मिलकर शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण भारत की नारी शक्ति के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |