Advertisement
मध्यप्रदेश में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रदेश के करीब 71 हजार बूथों से होगी। इस दौरान लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने के साथ सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थानों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। अभियान के जरिए सेवा गतिविधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और देश में आए बदलावों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान के तहत सरकारी और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें चित्रकला, ड्राइंग और भाषण जैसी प्रतियोगिताओं के जरिए विकसित भारत की सोच को लेकर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं ‘नमो सेवा अनकही कहानी’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों पर 10 से 15 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियां चौक-चौराहों और विभिन्न संस्थानों में की जाएंगी। प्रदेश की 97 हजार से अधिक आंगनवाड़ियों में तीन दिन तक ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम चलेगा, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान करने के साथ बच्चों और माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और महिला केंद्रित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा करीब 11,400 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ के जरिए देश और प्रदेश में हुए बदलावों को प्रस्तुतियों और झांकियों के माध्यम से बताया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे विकसित किए जाने की जानकारी दी और पीथमपुर से मुंबई तक तैयार हो रहे आठ लेन एक्सप्रेस-वे को परिवहन के लिहाज से अहम बताया। उन्होंने भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और आर्थिक विकास दर का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक के सफर और उनके नेतृत्व में लिए गए फैसलों का उल्लेख किया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सेवा संकल्प अभियान को शासन और समाज के मिलकर काम करने की भावना से जुड़ा अभियान बताया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |