Video

Advertisement


एआई से नगरीय सेवाओं में बदलाव लाने की तैयारी
नगरीय प्रशासन


भोपाल। ओरेकल द्वारा गोवएआई लीडरशिप फोरम-2026 का राजधानी में आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एआई के शासकीय कार्यों में अनुप्रयोग पर चर्चा की गई। फोरम में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने विशेष वक्ता के रूप में सहभागिता करते हुए एआई की संभावनाओं, व्यावहारिक उपयोग तथा नगरीय क्षेत्र में इसके अनुप्रयोगों पर अपने विचार साझा किए।
आयुक्त भोंडवे ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता अर्थात एआई शासन एवं नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, त्वरित और आंकड़ा आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। नगरीय क्षेत्र में एआई के उपयोग से उपलब्ध आंकड़ों के बेहतर विश्लेषण, सेवाओं की निगरानी, निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने एआई के जिम्मेदार उपयोग के लिए आंकड़ा सुरक्षा, नागरिकों की निजता और साइबर सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ डिजिटल आंकड़ों की सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। एआई को अपनाते समय तकनीकी नवाचार के साथ सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
विशेष वक्ता के रूप में भोंडवे ने मध्यप्रदेश में डिजिटल सुशासन के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने एमपी लॉकर की कार्यप्रणाली, इसकी प्रमुख विशेषताओं, संभावित उपयोग और डिजिटल सुशासन में इसकी उपयोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यमों के जरिए नागरिकों को सेवाओं और दस्तावेजों की सुविधा उपलब्ध कराने से शासन व्यवस्था अधिक सुगम और नागरिक-केंद्रित बन सकती है। भोंडवे ने कहा कि एमपी अर्बन लॉकर ऐप एंड्रॉयड एवं आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म के प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।
कार्यक्रम में एआई आधारित शासन व्यवस्था में तकनीक, आंकड़ों और सुरक्षा के बीच संतुलन की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। फोरम में एआई एवं डिजिटल तकनीक के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और प्रतिभागियों ने इसके वर्तमान एवं भविष्य के उपयोग को लेकर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा आयुक्त श्री संकेत भोंडवे का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल तकनीक के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, अधिकारी तथा अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Kolar News 10 September 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.