Advertisement
सहारनपुर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। भाजपा के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि किसी भी कार्रवाई को सिर्फ धार्मिक पहचान के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह देखना जरूरी है कि संबंधित निर्माण कानूनी है या नहीं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में प्रशासन और संबंधित सरकारी एजेंसियां कानून के तहत कार्रवाई कर रही हैं, इसलिए इसे राजनीतिक या धार्मिक रंग देने से बचना चाहिए।
झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर भी त्रिवेदी ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर की परीक्षा के दौरान स्ट्रॉन्ग रूम से प्रश्नपत्र निकालने और उसमें बदलाव किए जाने की बात जांच में सामने आई है। उन्होंने इसे सिर्फ पेपर लीक नहीं, बल्कि पेपर लूट का मामला बताया। इसी मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरते हुए उन्होंने सवाल किया कि झारखंड में सामने आए मामले पर विपक्षी दलों की चुप्पी क्यों है। त्रिवेदी ने तंज कसते हुए कांग्रेस नेताओं की तुलना गांधीजी के तीन बंदरों से भी की।
कांग्रेस शासित राज्यों में महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर भी भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक की सरकारों में कोई महिला मंत्री नहीं है, जबकि केरल और तेलंगाना में महिला मंत्रियों की संख्या भी सीमित है। त्रिवेदी ने कांग्रेस नेताओं के महिला आरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े बयानों का हवाला देते हुए कहा कि कथनी और करनी में अंतर दिखाई देता है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की मोदी सरकार में महिलाओं को मंत्रिमंडल में पहले की तुलना में ज्यादा प्रतिनिधित्व मिला है और भाजपा महिला भागीदारी बढ़ाने को लेकर अपने दावों को जमीन पर लागू कर रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |