Advertisement
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर तक किया जाएगा। परीक्षा प्रदेश के 12 संभागीय और जिला मुख्यालयों पर एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होने वाली इस परीक्षा में कुल 3775 अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से करीब 90 मिनट पहले पहुंचना होगा। यानी अभ्यर्थियों को सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच सेंटर पर उपस्थित होना जरूरी रहेगा। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य सेवा के 156 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
परीक्षा के लिए भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर समेत 12 शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। आयोग की ओर से परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर केंद्र पर ऑब्जर्वर की तैनाती रहेगी, जबकि सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, ई-प्रवेश पत्र स्कैनिंग और एचएचएमडी से जांच जैसी व्यवस्थाएं भी लागू रहेंगी। अभ्यर्थियों को केंद्र पर केवल बॉल पेन, पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र ले जाने की अनुमति होगी। जरूरी दवाइयां लेने वाले अभ्यर्थी उन्हें भी साथ रख सकेंगे।
एमपीपीएससी की गाइडलाइन के मुताबिक, परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले जांच प्रक्रिया पूरी करनी होगी, इसलिए आखिरी समय में केंद्र पहुंचने से बचने की सलाह दी गई है। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की तलाशी अलग-अलग व्यवस्था के तहत की जाएगी। वहीं, राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 27 सितंबर को प्रस्तावित है। परीक्षा से जुड़ी एडमिट कार्ड, केंद्र, नियम और अन्य जरूरी जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को एमपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी निर्देशों को ही अंतिम मानना होगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |