भोजशाला मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, साध्वी ऋतम्भरा के दौरे से धार में सुरक्षा कड़ी
मध्य प्रदेश के धार स्थित भोजशाला विवाद से जुड़े मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। बुधवार को सूचीबद्ध होने के बावजूद मामले की सुनवाई नहीं हो सकी थी, जिसके बाद इसे गुरुवार के लिए फिर सूचीबद्ध किया गया है। इस बीच साध्वी ऋतम्भरा के भोजशाला आगमन के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भोजशाला परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि सभी धार्मिक कार्यक्रम और जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उसकी प्राथमिकता है। दूसरी ओर, सुप्रीम कोर्ट में मुस्लिम पक्ष की याचिका पर सुनवाई होनी है, जिसमें हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस प्रतिवादी है। संगठन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णुशंकर जैन सहित विधिक टीम पक्ष रखेगी। प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।