विदिशा में डेंगू-मलेरिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 45 घरों में मिला डेंगू का लार्वा
बारिश के बीच विदिशा जिले में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। पिछले एक सप्ताह में 127 संदिग्ध मरीजों की जांच की गई, जिनमें एक व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव मिला है। वहीं, 4,514 घरों में किए गए लार्वा सर्वे के दौरान 45 घरों में डेंगू फैलाने वाले मच्छर का लार्वा मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर लोगों को बचाव के उपाय बताए गए। विभाग घर-घर जाकर जागरूकता अभियान भी चला रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर-टंकियों की नियमित सफाई करने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और बुखार या शरीर दर्द होने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है। विभाग के अनुसार, इस वर्ष अब तक जिले में केवल 8 डेंगू मरीज मिले हैं, जबकि पिछले तीन वर्षों में मलेरिया का कोई मामला सामने नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में डेंगू नियंत्रण अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।