संसद में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा से अहम विधेयकों को मिली मंजूरी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे और नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे के बावजूद लोकसभा ने बिना चर्चा के सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश सहित न्यायाधीशों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने संबंधी संशोधन विधेयक पारित कर दिया। वहीं, राज्यसभा ने MSME विकास (संशोधन) विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही भी मंगलवार तक स्थगित कर दी गई।
प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए गृह मंत्री अमित शाह से सदन में बयान देने की मांग की। मौजूदा मानसून सत्र में अब तक वंदे मातरम विधेयक, पब्लिक एग्जामिनेशन (संशोधन) विधेयक, सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक और MSME विकास (संशोधन) विधेयक को मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आयकर, विदेशी अंशदान (FCRA) और विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान से जुड़े विधेयकों पर अभी संसद की मंजूरी बाकी है।