कर्नाटक मंत्रिमंडल का आज विस्तार, डीके शिवकुमार सरकार में 20 मंत्री लेंगे शपथ
कर्नाटक में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार आज शाम बेंगलुरु में होगा। कांग्रेस हाईकमान ने 20 मंत्रियों के नामों को मंजूरी दे दी है, जिनमें 12 नए चेहरों को पहली बार मंत्री बनने का अवसर मिलेगा, जबकि 8 मौजूदा मंत्रियों को भी कैबिनेट में जगह दी गई है। गायत्री शांतिगौड़ा मंत्रिमंडल की एकमात्र महिला मंत्री होंगी। शपथ ग्रहण समारोह शाम 4:05 बजे लोक भवन में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जी.एस. पाटिल को विधानसभा अध्यक्ष, ए.एस. पोन्नन्ना को उपाध्यक्ष, सलीम अहमद को विधान परिषद का सभापति और उमाश्री को उपसभापति बनाने को भी मंजूरी दी गई है।
कैबिनेट विस्तार से पहले राज्य मंत्री प्रियंक खड़गे ने कहा था कि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान को करना था, क्योंकि पार्टी के पास बड़ी संख्या में योग्य विधायक हैं और सीमित मंत्री पदों के लिए चयन चुनौतीपूर्ण था। कर्नाटक में संवैधानिक रूप से मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 34 मंत्री हो सकते हैं। राज्य की राजनीति में लिंगायत, वोक्कालिगा और कुरबा समुदायों का महत्वपूर्ण प्रभाव माना जाता है। इसी संतुलन को ध्यान में रखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।