Advertisement
मध्य प्रदेश में सावन की शुरुआत के साथ मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तीन सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है, जिससे इंदौर और उज्जैन संभाग समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर और धार में अति भारी बारिश, जबकि नीमच, उज्जैन, देवास, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर और छिंदवाड़ा सहित 12 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
लगातार बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित हुआ है। बैतूल में रेलवे की बाउंड्री वॉल गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई जगह सड़क यातायात और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है। इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक औसतन 14.7 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 2.5 इंच कम है। हालांकि भोपाल, इंदौर, देवास, सीहोर, राजगढ़ और बुरहानपुर जैसे जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हो चुकी है। प्रशासन ने सभी जिलों में कंट्रोल रूम और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |