सरकार से बातचीत पर CJP का यू-टर्न, नई शर्त के बाद वार्ता से किया इनकार
NEET पेपर लीक को लेकर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया कि सरकार ने एक बार फिर बातचीत का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, संगठन ने कहा कि वह भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर बातचीत नहीं करेगा। CJP ने बातचीत के लिए किसी तटस्थ स्थान पर बैठक की शर्त रखी, जबकि महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में समाजसेवी अन्ना हजारे ने छात्रों के समर्थन में गांधी स्मारक पर मौन प्रदर्शन किया। उधर, सरकार ने दोहराया कि बातचीत के लिए उसके दरवाजे खुले हैं।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सरकार छात्रों के मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष इससे बच रहा है। इससे पहले जे.पी. नड्डा ने भी कहा था कि CJP जब चाहे बातचीत कर सकता है और सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों में त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की घोषणा की है। इसके बावजूद CJP ने फिलहाल वार्ता से इनकार करते हुए अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।