प्रदर्शनकारी छात्रों को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी, मुंबई पुलिसकर्मी हटाया गया
NEET पेपर लीक के विरोध में मुंबई में चल रहे छात्र प्रदर्शन के बीच एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कथित तौर पर पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारी छात्रों को दोबारा आंदोलन में शामिल होने पर झूठे ड्रग्स केस में फंसाने और पूरी जिंदगी जेल भेजने की धमकी देता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल ड्यूटी से हटा दिया और मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में शिवाजी पार्क, चेंबूर समेत कई इलाकों में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए 400 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। वायरल वीडियो को लेकर विपक्षी नेताओं और सोशल मीडिया पर भी सवाल उठाए गए। मुंबई पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।