पीएम मोदी का राहुल गांधी पर तंज, बोले- '28 साल के युवा इतिहास रच रहे, 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा'
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसा। भारत के पहले निजी रॉकेट 'विक्रम-1' को ऑर्बिट में भेजने वाली स्काईरूट एयरोस्पेस का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि कंपनी की टीम की औसत उम्र 28 साल है और देश के युवा नए कीर्तिमान बना रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "हालांकि मैं किसी 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा।" प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी पर उनके पीछे खड़े संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी मुस्कुराते नजर आए।
प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी को राहुल गांधी पर राजनीतिक तंज माना जा रहा है, जिनकी उम्र 56 वर्ष है। मोदी और राहुल के बीच लंबे समय से '56 इंच की छाती' और '56 साल के युवा' को लेकर राजनीतिक बयानबाजी होती रही है। राहुल गांधी भी कई मौकों पर बेरोजगारी, महंगाई और चीन जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री के '56 इंच' वाले बयान को निशाना बना चुके हैं।