महाराष्ट्र में फिर बढ़े कोविड केस, डॉक्टर बोले- घबराने की नहीं, सतर्क रहने की जरूरत
आंध्र प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र में भी कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में इस वर्ष अब तक 48 मामले सामने आए हैं, जिनमें जुलाई में सबसे अधिक 21 संक्रमित मिले हैं। पुणे के डॉक्टरों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में अस्पतालों में कोविड मरीजों की संख्या बढ़ी है, लेकिन फिलहाल इसे नई लहर नहीं माना जा रहा। राहत की बात यह है कि अब तक किसी मरीज की मौत नहीं हुई है और अधिकांश संक्रमितों में हल्के लक्षण ही देखे गए हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार का संक्रमण ओमिक्रॉन से भी हल्का है और मरीजों में खांसी, जुकाम, गले में खराश और थकान जैसे लक्षण 3 से 5 दिनों में ठीक हो रहे हैं। डॉक्टरों का मानना है कि कई संक्रमित लोग दूसरी बीमारियों की जांच या सर्जरी से पहले किए गए टेस्ट में कोविड पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, जबकि हल्के लक्षण वाले कई लोग जांच ही नहीं कराते। ऐसे में वास्तविक मामलों की संख्या अधिक हो सकती है, लेकिन विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने, लक्षण होने पर जांच कराने और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी है।