भारत टेक्स-2026 में मध्यप्रदेश को ₹20,193 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 27 हजार से ज्यादा रोजगार की उम्मीद
नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स-2026 और इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश के दौरान प्रदेश को 20,193 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन निवेशों से 27,592 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापित करने का आमंत्रण देते हुए जनवरी 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का न्योता भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी, पर्याप्त बिजली, श्रमिकों की उपलब्धता और उद्योग समर्थक नीतियों के कारण मध्यप्रदेश निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बन रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार श्रमिकों के वेतन पर आर्थिक सहायता, भूमि बैंक, फूड पार्क, लॉजिस्टिक्स पार्क और आधुनिक औद्योगिक ढांचे जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। वहीं, भारत टेक्स-2026 के दौरान टेक्सटाइल और परिधान क्षेत्र में 1,592 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनसे करीब 15,700 रोजगार मिलने की उम्मीद है।