नई CAFE-III नीति: पेट्रोल-डीजल कारों के लिए सख्त नियम, इथेनॉल और CBG को मिलेगा बढ़ावा
केंद्र सरकार ने वाहनों की ईंधन दक्षता और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से CAFE-III (कॉर्पोरेट एवरेज फ्यूल इकॉनमी) का नया ड्राफ्ट जारी किया है। प्रस्तावित नियमों के तहत कार निर्माताओं को कम ईंधन खपत और कम कार्बन उत्सर्जन वाले वाहन विकसित करने होंगे। पहली बार इथेनॉल, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) और अन्य बायोफ्यूल से चलने वाले वाहनों को विशेष प्रोत्साहन देने का प्रस्ताव रखा गया है। सरकार ने ड्राफ्ट पर आम जनता और ऑटो कंपनियों से 6 अगस्त 2026 तक सुझाव मांगे हैं।
ड्राफ्ट के अनुसार 2027-28 में कारों की औसत ईंधन खपत का लक्ष्य 3.996 लीटर प्रति 100 किमी रखा गया है, जिसे 2031-32 तक घटाकर 3.3273 लीटर प्रति 100 किमी करने की योजना है। इथेनॉल आधारित वाहनों को 8% तक कार्बन न्यूट्रैलिटी लाभ, जबकि CBG और अन्य बायोफ्यूल वाहनों को वास्तविक उपयोग के आधार पर प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड और फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को भी बढ़ावा देने की तैयारी है। बेहतर प्रदर्शन करने वाली कंपनियों को क्रेडिट मिलेगा, जबकि लक्ष्य पूरा न करने वालों को क्रेडिट खरीदना होगा। हालांकि सालाना 1,000 से कम यात्री वाहन बेचने वाली कंपनियों को इन नियमों से छूट मिलेगी।