Advertisement
मध्य प्रदेश के दतिया जिले के सेवढ़ा नगर में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायतें बढ़ने लगी हैं। करीब 4,000 बिजली उपभोक्ताओं वाले नगर में कई लोग रीडिंग, यूनिट खपत और मीटर पर दिखाई देने वाली जानकारी को समझ नहीं पा रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली की पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई, जिससे उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार बिजली विभाग के कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग और तकनीकी जानकारी से दूर रहने वाले लोगों को हो रही है।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने बिजली वितरण कंपनी से वार्ड स्तर पर जागरूकता शिविर लगाने, कर्मचारियों के माध्यम से मीटर की रीडिंग और खपत की जानकारी समझाने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण की मांग की है। वहीं, सेवढ़ा के सहायक प्रबंधक आलोक सिंह सेन ने बताया कि नगर में अब तक करीब 1,400 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये प्रीपेड मीटर नहीं हैं और इनकी रीडिंग स्वतः कार्यालय में प्राप्त होती है। जिन उपभोक्ताओं को रीडिंग संबंधी समस्या आ रही है, उनका जल्द समाधान किया जाएगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |