UNSC में वापसी की तैयारी, भारत ने पेश किया ‘SHANTI’ विजन
भारत ने 2028-29 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की अस्थायी सदस्यता हासिल करने के अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत का 'SHANTI' (Securing Holistic Advancement through Norms, Trust and Integrity) विजन पेश करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक संकटों के दौर में भारत शांति, बहुपक्षवाद, विश्वास और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जयशंकर ने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सबसे बड़े योगदानकर्ताओं में शामिल रहा है। अब तक भारत करीब 3 लाख सैनिक और कर्मियों को 50 शांति मिशनों में भेज चुका है, जबकि वर्तमान में 4,300 भारतीय जवान 10 सक्रिय मिशनों में तैनात हैं। उन्होंने ग्लोबल साउथ की आवाज को मजबूती देने, कूटनीति के जरिए विवादों के समाधान और 79 देशों में चल रही विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
UNSC में 15 सदस्य होते हैं, जिनमें 5 स्थायी और 10 अस्थायी सदस्य शामिल हैं। अस्थायी सदस्यों का चुनाव संयुक्त राष्ट्र महासभा के 193 सदस्य देशों द्वारा दो-तिहाई बहुमत से दो वर्षों के लिए किया जाता है। भारत इससे पहले 8 बार सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य रह चुका है और अब 2028-29 के कार्यकाल के लिए एक बार फिर वैश्विक समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है।