Advertisement
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) इसी माह लागू की जाएगी। भिंड जिले के लहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश के 55 जिलों में विशेषज्ञों के माध्यम से यूसीसी का अध्ययन कराया गया, जिसमें व्यापक समर्थन मिला है। मुख्यमंत्री के अनुसार, मुस्लिम महिलाओं ने भी इस कानून का समर्थन करते हुए इसे जल्द लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद अब "एक देश-एक विधान" की दिशा में मध्यप्रदेश भी महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 322 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 40 विकास कार्यों का लोकार्पण और 16 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाले कानूनों का विरोध कर विपक्ष ने अपनी सोच उजागर की है। डॉ. यादव ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर महिला विरोधी रुख अपनाया। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1,835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |