MP में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, जुलाई में बारिश ने पूरी की जून की कमी
मध्य प्रदेश में इस बार मानसून 9 दिन की देरी से 24 जून को पहुंचा, लेकिन अगले नौ दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर लिया। देर से आगमन के कारण जून में सामान्य से करीब 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई थी, हालांकि जुलाई की शुरुआत में लगातार नौ दिन हुई बारिश ने स्थिति बदल दी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक औसतन 9.4 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि इस अवधि में 8.7 इंच बारिश सामान्य मानी जाती है। यानी प्रदेश में सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है और सीजन के कोटे की करीब 25 प्रतिशत वर्षा पूरी हो चुकी है।
बारिश के मामले में इस बार मालवा-निमाड़ क्षेत्र सबसे आगे रहा है। देवास में अब तक सबसे अधिक 17.9 इंच बारिश दर्ज की गई, जो वार्षिक औसत का 50 प्रतिशत से अधिक है। वहीं आलीराजपुर सबसे पीछे है, जहां केवल 2.3 इंच बारिश हुई है। फिलहाल भारी बारिश का दौर थम गया है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह नया सिस्टम सक्रिय होने के बाद फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।