Advertisement
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिन्तांग अदिपुर्ना मेडल ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियान्टो ने प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद पीएम मोदी ने इसे 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बताते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, गहरे और मजबूत संबंधों का प्रतीक है। उन्होंने इंडोनेशिया की सरकार और वहां के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया 21वीं सदी की तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण साझेदार बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), टेलीकॉम, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप इकोसिस्टम जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसके अलावा, इंडोनेशिया में भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बेंगलुरु का कैंपस स्थापित करने की भी घोषणा की गई, जिससे शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंचे हैं, जहां उनकी राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियान्टो के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस यात्रा का उद्देश्य भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर विजन और स्वतंत्र, खुले एवं समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करना है। दोनों नेताओं ने आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |