पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने से भोपाल-राजगढ़ वैकल्पिक मार्ग बंद, प्रशासन ने आवागमन पर लगाई रोक
लगातार हो रही बारिश के चलते पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने से भोपाल और राजगढ़ जिले को जोड़ने वाला बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग का अस्थायी वैकल्पिक डायवर्जन पूरी तरह जलमग्न हो गया है। बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा ने आदेश जारी कर इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों और पैदल आवाजाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। प्रशासन का कहना है कि तेज बहाव के कारण इस रास्ते से गुजरना बेहद जोखिमभरा हो गया है, इसलिए लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को मार्ग पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस, पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर निगरानी रखने तथा लोगों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित मार्ग का उपयोग करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पार्वती नदी पर बना करीब 49 वर्ष पुराना पुल जनवरी 2025 में क्षतिग्रस्त होने के बाद बंद कर दिया गया था, जिसके स्थान पर नदी के बीच अस्थायी डायवर्जन बनाया गया था। इसी रास्ते से भोपाल, राजगढ़, गुना, विदिशा, शिवपुरी, उज्जैन और इंदौर समेत कई जिलों के बीच आवागमन हो रहा था। हालांकि लगातार बारिश के कारण यह विकल्प भी बंद हो गया है। पिछले वर्ष इसी मार्ग पर बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली फंसने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके बाद स्थानीय लोग अब स्थायी पुल निर्माण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।