Video

Advertisement


नांदेड़ रेल मंडल की बैठक में सांसद ने अधूरे रेल प्रोजेक्ट्स पर जताई नाराजगी, नई ट्रेनों की भी उठाई मांग
MP , rail projects , Nanded Railway Division meeting

दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ रेल मंडल कार्यालय में आयोजित क्षेत्रीय सांसदों की बैठक में खंडवा-बुरहानपुर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने खंडवा-तुकाईथड़ रेलखंड पर चल रहे विद्युतीकरण और गेज कन्वर्जन कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि वर्ष 2024 में खंडवा, आमलाखुर्द और तुकाईथड़ के बीच सीआरएस निरीक्षण पूरा होने के बावजूद विद्युतीकरण समय पर नहीं किया गया। उनका कहना था कि यदि यह कार्य पूरा हो जाता तो खंडवा-सनावद मेमू ट्रेन का संचालन तुकाईथड़ तक शुरू किया जा सकता था। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार और लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने की मांग की।

बैठक में सांसद ने तिरुपति-अकोला ट्रेन का विस्तार खंडवा और ओंकारेश्वर रोड स्टेशन तक करने का प्रस्ताव भी रखा। इस पर दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजीव श्रीवास्तव ने मामले को मध्य रेलवे के समक्ष भेजकर आवश्यक स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया। सांसद ने यह भी कहा कि सनावद से ओंकारेश्वर रोड तक रेलवे ट्रैक और स्टेशन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, इसलिए इस मार्ग पर जल्द यात्री ट्रेनें शुरू की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को ओंकारेश्वर पहुंचने में सुविधा मिल सके।

 

ज्ञानेश्वर पाटिल ने नांदेड़ से खंडवा होते हुए उत्तर भारत के प्रमुख शहरों—पटना, वाराणसी, अयोध्या और नई दिल्ली—के लिए नई ट्रेनों के संचालन की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि इन ट्रेनों के शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा तथा आवागमन अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा। बैठक की अध्यक्षता दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजीव श्रीवास्तव ने की, जबकि मध्य रेल समिति के सदस्य मनोज सोनी भी इस दौरान मौजूद रहे।

Priyanshi Chaturvedi 7 July 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.