1 जुलाई से बदले कई नियम: कॉमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता, पासपोर्ट और कारें महंगी
1 जुलाई से आम लोगों की जेब पर असर डालने वाले कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में औसतन ₹180 की कटौती की है, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत ₹2930 हो गई है। वहीं नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता किया है। इसके अलावा पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन 200 लीटर डीजल भरने की सीमा भी हटा दी गई है।
दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने पासपोर्ट बनवाने और री-इश्यू कराने की फीस बढ़ा दी है। अब सामान्य पासपोर्ट के लिए ₹2,500 तक शुल्क देना होगा। वहीं ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने पर न्यूनतम जुर्माना ₹250 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया गया है। साथ ही, UIDAI ने 31 दिसंबर 2026 तक आधार कार्ड में ईमेल अपडेट कराने की सुविधा मुफ्त कर दी है।
इसके अलावा एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में ₹5 प्रति लीटर की कटौती की गई है, जिससे भविष्य में हवाई यात्रा सस्ती हो सकती है। वहीं, किया इंडिया और टाटा मोटर्स सहित कई ऑटो कंपनियों ने 1 जुलाई से वाहनों की कीमतों में 1.5% से 2% तक बढ़ोतरी कर दी है, जिससे नई कार खरीदना अब पहले से महंगा हो गया है।