Advertisement
ओडिशा की स्कूली पाठ्यपुस्तकों में बड़ी संख्या में तथ्यात्मक और संपादकीय गलतियां सामने आने के बाद राज्य में विवाद गहरा गया है। कक्षा 8 की कला शिक्षा की पुस्तक 'कृति' में फिल्म हम दिल दे चुके सनम का लोकप्रिय गीत 'निंबूड़ा-निंबूड़ा' और फिल्म मिशन कश्मीर से चर्चित 'रिंद पोश माल' को लोकगीत के उदाहरण के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा कक्षा 3 और 5 की पुस्तकों में भी कुछ लोकप्रिय गीतों का उल्लेख लोकसंगीत के संदर्भ में किया गया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि इन गीतों को छात्रों को विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से शामिल किया गया था।
विवाद तब और बढ़ गया जब राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) की पुस्तकों में कुल 1,678 गलतियां मिलने की पुष्टि हुई। इनमें सबसे अधिक 705 त्रुटियां कक्षा 8 की किताबों में पाई गईं। जांच में सामने आया कि कर्नाटक विधानसभा भवन को ओडिशा विधानसभा बताया गया, सर आइजैक न्यूटन को "महान पायलट" लिख दिया गया और हम्पी को कोणार्क सूर्य मंदिर के रूप में दर्शाया गया। इन गंभीर चूकों के बाद राज्य सरकार ने SCERT के पूर्व निदेशक सहित चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
राज्य सरकार ने घोषणा की है कि अगले शैक्षणिक सत्र से पुस्तकों में सुधार के लिए विशेषज्ञ समिति की 14 सिफारिशों को लागू किया जाएगा। संशोधित पन्ने तैयार कर सभी स्कूलों और जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे जाएंगे, जिन्हें आधिकारिक अध्ययन सामग्री के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। शिक्षा विभाग का कहना है कि नई किताबें पूरी तरह तैयार होने तक छात्र पुरानी पुस्तकों के साथ इन संशोधित पन्नों का उपयोग करेंगे, ताकि पढ़ाई पर किसी तरह का असर न पड़े।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |