Video

Advertisement


एमपी शिक्षक तबादलों पर सस्पेंस बरकरार, भोपाल से कभी भी जारी हो सकते हैं आदेश
 MP teacher transfers, orders could , issued from Bhopal , any time.

मध्य प्रदेश में शिक्षक तबादलों का इंतजार कर रहे सैकड़ों शिक्षकों की निगाहें अब भोपाल पर टिकी हैं। प्रशासनिक और स्वैच्छिक तबादलों की सूची 28 और 29 जून को जारी होने की चर्चा थी, लेकिन आदेश अब तक जारी नहीं हो सके। जानकारी के अनुसार, पूरी तबादला प्रक्रिया अब सीधे भोपाल से संचालित की जा रही है और अंतिम आदेश भी वहीं से जारी किए जाएंगे। इसी बीच एजुकेशन पोर्टल से तबादलों से जुड़े सभी विकल्प हटा दिए गए हैं, जिसके कारण जिला शिक्षा अधिकारी भी यह नहीं देख पा रहे हैं कि किस शिक्षक की पदस्थापना कहां की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रशासनिक तबादलों की सूची लगभग तैयार है, लेकिन इसमें अंतिम समय में कई बदलाव किए गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक तबादलों के दायरे में आने वाले कई शिक्षकों को राहत दी गई है और करीब 120 संभावित नामों में से लगभग आधे ही अंतिम सूची में शामिल किए गए हैं। हालांकि वास्तविक स्थिति आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। यदि कुछ शिक्षकों को दूरस्थ क्षेत्रों की बजाय नजदीकी स्कूलों में पदस्थ किया गया, तो इसे लेकर अन्य शिक्षकों में असंतोष बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

स्वैच्छिक तबादलों के लिए जिले में करीब 1,500 पद रिक्त होने के बावजूद केवल 416 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ई-अटेंडेंस, जनगणना ड्यूटी और अन्य पात्रता शर्तों के कारण बड़ी संख्या में शिक्षक आवेदन नहीं कर सके। वहीं, कई पसंदीदा स्कूलों में एक-एक रिक्त पद के लिए कई दावेदार हैं। ऐसे में चयन सीमित होने के कारण अनेक शिक्षकों को इस बार भी तबादले का इंतजार करना पड़ सकता है। अब सभी की नजरें भोपाल से जारी होने वाले अंतिम आदेशों पर टिकी हैं, जिनसे पूरे तबादला अभियान की तस्वीर साफ होगी।

Priyanshi Chaturvedi 30 June 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.