Advertisement
नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी में सोमवार सुबह एक हाईराइज टावर की 21वीं मंजिल पर बने फ्लैट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एसी में ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आग लगते ही सोसाइटी में रहने वाले लोग अपने फ्लैट छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या फ्लैट में फंसे होने की सूचना नहीं मिली है। अधिकारियों के अनुसार आग पूरी तरह बुझने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। इस घटना के बाद एक बार फिर नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में फायर सेफ्टी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने बहुमंजिला इमारतों में फायर सेफ्टी सिस्टम, बिजली के उपकरणों और एयर कंडीशनर की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |