Advertisement
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दो दिवसीय बैतूल दौरे के दौरान रविवार सुबह हिल स्टेशन कुकरू में योगाभ्यास कर दिन की शुरुआत की। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा सभी से स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
योग सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन, भुजंगासन और शलभासन जैसे आसनों का अभ्यास किया। इसके अलावा उन्होंने मयूरासन और शीर्षासन जैसे कठिन योगासन भी कर अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया। योगाभ्यास में नाड़ी शोधन, तितली और भ्रामरी प्राणायाम भी शामिल रहे। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे और कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
योगाभ्यास के बाद मुख्यमंत्री ने कुकरू के कॉफी बागानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलन, ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ और सशक्त जीवन के लिए नियमित योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |