Advertisement
मध्य प्रदेश के गुना जिले के आरोन निवासी किसान धर्मेंद्र कुशवाह ने अपनी मेहनत और नवाचार से खेती की नई मिसाल पेश की है। कभी सब्जी की खेती पर निर्भर रहने वाले धर्मेंद्र आज फूलों की खेती और उससे जुड़े कारोबार के जरिए सालाना करीब 12 लाख रुपये का कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने डेढ़ एकड़ जमीन पर गुलाब, नवरंगा और गेंदा की खेती शुरू की और बेहतर मुनाफा मिलने के बाद इसे ही अपना मुख्य व्यवसाय बना लिया। उनकी सफलता की सराहना करते हुए कलेक्टर किशोर कन्याल ने भी खेत का दौरा कर उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
धर्मेंद्र के सामने सबसे बड़ी चुनौती फूलों के लिए बाजार की थी, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय खुद ही समाधान निकाला। उन्होंने आरोन में अपनी फूलों की दुकान शुरू की, जहां बुके, वरमाला और शादी समारोहों की सजावट जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराईं। इससे उनके खेतों के फूल सीधे ग्राहकों तक पहुंचने लगे और बिचौलियों की भूमिका खत्म हो गई। वैज्ञानिक तरीके से ड्रिप सिंचाई, जैविक खाद और वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग कर वे अब डेढ़ एकड़ में सालाना 6 से 7 लाख रुपये का शुद्ध लाभ कमा रहे हैं।
धर्मेंद्र की सफलता का लाभ गांव के अन्य लोगों को भी मिला है। उन्होंने फूल तोड़ने, पैकिंग और अन्य कार्यों के लिए 7 से 10 लोगों को स्थायी रोजगार दिया है। इसके अलावा आसपास के किसान उनसे फूलों के पौधे खरीदने और आधुनिक खेती की जानकारी लेने आते हैं। धर्मेंद्र का कहना है कि पारंपरिक खेती के साथ थोड़ी-सी जमीन पर फूलों की खेती शुरू करके किसान कम लागत में बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं। उनका मानना है कि समस्याओं पर रोने के बजाय उनका समाधान तलाशने का साहस ही सफलता की असली कुंजी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |