Advertisement
भोपाल रेल मंडल में आयोजित क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की 23वीं बैठक में कोविड-19 के दौरान बंद की गई ट्रेनों को दोबारा शुरू करने और स्पेशल ट्रेनों को नियमित श्रेणी में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि महामारी के समय रेलवे द्वारा कई ट्रेनों के स्टॉपेज खत्म कर दिए गए थे, जिनमें से अधिकांश अब तक बहाल नहीं हुए हैं। इसका सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों पर पड़ा है, जिन्हें आवागमन और व्यापार के लिए रेलवे पर निर्भर रहना पड़ता है। बैठक में मांग की गई कि अधिक से अधिक स्टेशनों पर ट्रेनों का हॉल्ट दिया जाए ताकि ग्रामीण इलाकों के लोगों को राहत मिल सके।
बैठक के दौरान यात्रियों के लिए नई रेल सेवाओं की भी जानकारी दी गई। रेलवे ने कानपुर सेंट्रल और मदुरै के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जिससे मध्य प्रदेश के बीना, भोपाल और इटारसी जैसे स्टेशनों के यात्रियों को भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। यह विशेष ट्रेन 1 जुलाई से 29 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार कानपुर से चलेगी, जबकि वापसी सेवा 4 जुलाई से 1 अगस्त तक संचालित होगी। इसके अलावा जोधपुर-चेन्नई समर स्पेशल ट्रेन भी यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जाएगी।
वहीं रेलवे ने जुलाई में ललितपुर स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव की जानकारी भी दी। 10 से 21 जुलाई के बीच छह ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त किया जाएगा, जबकि 12 से 20 जुलाई के बीच 34 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।:::
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |