Advertisement
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। जानकारी के मुताबिक, मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट पार्किंग बे की ओर जाते समय गलती से गलत दिशा में मुड़ गई और उसी टैक्सीवे पर पहुंच गई, जहां मुंबई जाने के लिए तैयार इंडिगो का विमान मौजूद था। समय रहते दोनों विमानों को रोक लिया गया, जिससे संभावित टक्कर टल गई। उस समय दोनों विमानों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी रह गई थी।
एअर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान अनजाने में गलत मोड़ ले बैठी थी। एयरलाइन के अनुसार, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा और विमान को बाद में टो करके सही पार्किंग बे तक पहुंचाया गया। वहीं, इंडिगो ने कहा कि उसकी फ्लाइट 6E-5160 उड़ान भरने के लिए टैक्सीवे पर थी, तभी दूसरी एयरलाइन का विमान गलत दिशा से आ गया। दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोकने के बाद इंडिगो की उड़ान सामान्य रूप से मुंबई रवाना हुई।
घटना की जानकारी विमानन नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों विमान एयरबस A320 श्रेणी के नैरो-बॉडी विमान थे, जिनमें आमतौर पर 150 से 180 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है। हालांकि घटना के समय विमानों में मौजूद यात्रियों की संख्या की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |