जबलपुर में 1.37 करोड़ का गेहूं घोटाला, 5167 क्विंटल अनाज गायब; 10 लोगों पर FIR
मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड गेहूं खरीदी के बीच जबलपुर जिले के मझौली क्षेत्र से बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। प्रशासनिक जांच में मां अन्नपूर्णा वेयरहाउस से 5167.70 क्विंटल गेहूं गायब पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 37 लाख 67 हजार रुपए बताई जा रही है। मामले में खरीदी केंद्र प्रभारी, सहायक खाद्य अधिकारी समेत 10 लोगों की भूमिका संदिग्ध मिलने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर सामने आया। अधिकारियों के अनुसार स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन द्वारा 92,250 बारदाने उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन मौके पर केवल 48,347 क्विंटल गेहूं के अनुरूप उपयोग पाया गया। वहीं ऑनलाइन पोर्टल पर 96,694 बारदानों की एंट्री दर्ज थी। इस विसंगति ने बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े और रिकॉर्ड में हेरफेर की आशंका को मजबूत किया है।
प्रशासनिक जांच में किसानों से अवैध वसूली, तौल पर्चियों के सत्यापन में लापरवाही और कर्मचारियों की नियुक्ति में नियमों के उल्लंघन जैसी अनियमितताएं भी सामने आई हैं। अधिकारियों का मानना है कि नियमों की अनदेखी कर फर्जी एंट्री और रिकॉर्ड में हेराफेरी की गई। अब पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है।